नई दिल्ली। हाल में पेट का ऑपरेशन कराने वाले मेगास्टार अमिताभ बच्चन के पेट में अब भी दर्द है। उन्हें मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिलनी थी, लेकिन दर्द बने रहने के कारण उन्हें अभी अस्पताल में रहना पड़ सकता है।
69 वर्षीय अभिनेता ने अपने ब्लॉग पर लिखा,'सुबह स्थिति भयावह रही। सर्जरी वाली जगह पर असहनीय दर्द हो रहा था। पेट में ऐंठन होने पर इतनी तेज दर्द हुआ कि चीख निकल गई। इससे लगा कि पहले दर्द सहने की काफी क्षमता थी।'
मंगलवार रात को लिखे अपने ब्लॉग में उन्होंने कहा,'तुरंत ही डॉक्टर को बुला लिया गया। मुझे दर्दनिवारक दवाएं दी गई। अब कुछ राहत महसूस हो रही है, लेकिन दर्द पूरी तरह से नहीं गया है।' शनिवार को मुंबई के सेवेन हिल्स अस्पताल में बिग बी के पेट का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। उल्लेखनीय है कि 26 जुलाई, 1982 को फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान मारधाड़ के एक सीन में सहकलाकार पुनीत इस्सर के घूंसे से अमिताभ की आंतों में गहरी चोट लग गई थी। इस चोट से उबरने में उन्हें लंबा समय लगा था। डॉक्टरों के अनुसार इसी चोट के कारण महानायक को अक्सर पेट में दर्द की शिकायत रहने लगी। इसी के चलते उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर