
वडोदरा। गुजरात के आनंद जिले में एक ट्रक के पलटकर गड्ढे में गिर जाने से उसमें सवार महाराष्ट्र के कम से कम 12 मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रक अंकलेश्वर से भावनगर जिले के वल्लभीपुर की ओर जा रहा था लेकिन रास्ते में आनंद जिले के गनभीरा गांव के नजदीक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर एक गड्ढे में जा गिरा।
हादसे में महाराष्ट्र के नंदरबार जिले के राजवीरपाहद गांव के रहने वाले दस मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल पांचों मजदूरों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।