नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में निर्माणाधीन पुल के गिरने की घटना के सिलसिले में दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को एक सहायक अभियंता को बर्खास्त कर दिया तथा निर्माण कंपनी अफकान्स पर दस लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया।
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में विकास मार्ग पर कल मेट्रो का पुल गिरने की घटना की प्राथमिक जांच के बाद यह कार्रवाई की गयी है। यह घटना तब हुई जब लांचर कंक्रीट का स्लैब उठा रहा था। इसके गिरने से नीचे से जा रहे वाहन इसकी चपेट में आ गए जिससे दो लोगों की मौत हो गई।
बर्खास्त सहायक अभियंता इस साइट का प्रभारी था। दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा कि अफकान्स के परियोजना प्रबंधक और परियोजना उप प्रबंधक को दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के अन्य सभी कामों से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अफकान्स के खिलाफ दस लाख का जुर्माना लगाया गया है। जांच पूरी होने के बाद कंपनी के खिलाफ आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय किया जाएगा। दयाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया जो साक्ष्य मिले हैं उनमें कुछ तकनीकी और अन्य गड़बडि़यों के कारण लांचर असंतुलित हो गया जिसके परिणामस्वरूप वह गिर गया। दयाल ने कहा कि तीन सदस्यों की एक उच्चस्तरीय कमिटी गठित की गई है। इसने जांच शुरू कर दी है और दस दिनों में जांच पूरी हो जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मेट्रो के दूसरे चरणों में कई लांचर इस्तेमाल हो रहे हैं। इन सबकी विस्तृत जांच किए जाने की आवश्यकता है।
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्य परियोजना प्रबंधक को सभी मेट्रो निर्माण स्थलों पर यातायात मार्शलों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।