समाचार

बर्निग बस में 63 श्रद्धालुओं की मौत

Dec 09, 06:28 pm
  Print

फिरोजाबाद/लखनऊ/सुलतानपुर। फिरोजाबाद-शिकोहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं से खचाखच भरी एक बस में मंगलवार को अचानक आग लग जाने से 63 लोगों की जलकर मृत्यु हो गई, जबकि अनेक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सुलतानपुर की इस निजी बस में करीब 95 श्रद्धालु सवार थे, जो जयगुरुदेव आश्रम मथुरा में एक सत्संग में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। सभी श्रद्धालु सुलतानपुर के थे। इस बीच मुख्यमंत्री मायावती ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को एक लाख व घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

सुल्तानपुर जा रही यह बस शाम चार बजे करीब मक्खनपुर के निकट आग से घिर गई। हाईवे पर इस बर्रि्नग बस की लपटों के बीच फंसे भक्त चीखते-चिल्लाते रहे। बचाव के लिए लोग बस की खिड़कियों को पीट रहे थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग के चलते सारे प्रयास नाकाम रहे और देखते ही देखते 63 जिंदगियां स्वाह हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

आग इतनी भीषण थी कि बस के दरवाजे जाम हो गए। फंसे हुए भक्तों को निकालने के लिए बस की चादर काटनी पड़ी। आग से करीब 63 भक्तों के मरने की संभावना है। मरने वालों में कई बच्चे और महिलाएं भी हैं। हादसा इंदुमई गांव के निकट बांके बिहारी कोल्ड स्टोरेज के निकट हुआ। बाबा जयगुरुदेव के सत्संग से भक्तजनों को लेकर लौट रही बस में इंदुमई और कदमपुर के बीच में यकायक आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही बस की छत पर बैठे हुए भक्त बचने के लिए चीखने लगे। सड़क किनारे खड़े कुछ लोग इन्हें बचाने मौके पर पहुंचे। 60 सीटर बस पूरी भरी हुई थी और छत पर भी लोग सवार थे। हादसे के दौरान छत पर सवार लोगों के साथ बस के अंदर मौजूद दो भक्त बस की खिड़की से निकलने में सफल हो पाए। इनमें एक महिला भी बताई जाती है, पर बाकी भक्त बस में ही फंसे रह गए।

हाईवे पर आग की लपटों से घिरी बस को देख कर अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। कई भक्त बस में ही आग की लपटों के बीच फंसे हुए चीखते-चिल्लाते रहे, पर इन्हें बचाने का साहस कोई नहीं दिखा पाया। बस में आग लगने की वजह बस का एक्सल टूटना बताया जा रहा है। आशंका है कि एक्सल टूटने से डीजल टंकी क्षतिग्रस्त हुई। इससे तेल रिसने लगा। एक्सल के जमीन में लगने के कारण निकल रही चिंगारी से तेल में आग लग गई। इससे बस के दरवाजे लाक हो गए और लोग अंदर ही फंस गए।

हादसा स्थल से गांव दूर होने के कारण पानी आदि भी मुहैया नहीं हो सका। डेढ़-पौने दो घंटे बाद इस आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

आग लगने के बाद बस से कूदने वालों ने बताया कि सभी श्रद्धालु सुल्तानपुर के चांदा आदि गांवों से जय गुरुदेव के भक्तजन एक दिसंबर को बाबा के भंडारे में शरीक होने के लिए मथुरा गए थे। वहां से अपने घरों की तरफ लौट रहे थे।

सैकड़ों परिवारों में मचा कोहराम

सुल्तानपुर। बस में आग लगने की खबर से चांदा इलाके के सैकड़ों परिवारों में कोहराम मच गया है। सत्संग में गए परिजनों का हाल जानने के लिए सगे-संबंधी परेशान हैं।

उधर, डीएम विशाल राय ने बताया है कि प्रशासन स्थिति को जानने के लिए फिरोजाबाद प्रशासन के संपर्क में है। अभी तक हताहत यात्रियों के नामों का पता नहीं चल सका है।

जिले के चांदा इलाके में जय गुरुदेव के अनुयायियों की खासी तादाद है। एक दिसंबर को बसों पर सवार होकर सैकड़ों श्रद्धालु मथुरा के लिए रवाना हुए थे। लौटते वक्त रास्ते में फिरोजाबाद में उनकी बस में आग लग गई। बस कादीपुर के एक ट्रांसपोर्टर की है। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त बस पर चांदा के अलावा अहिरौला, मरगूपुर, छापर, कोथरा, मानापुर के 50 से अधिक यात्री थे, जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं।

चांदा के व्यवसायी रूपचंद्र का बेटा संतोष बरनवाल बस के ऊपर बैठा था। आग लगने पर उसने बस की छत से कूदकर जान बचाई और स्थानीय लोगों को बस में आग लगने की खबर दी। संतोष ने बताया कि छत पर बैठे अधिकांश यात्री बच गए, लेकिन बस के अंदर बैठे यात्रियों की जान खतरे में है। दर्जनों यात्री आग से बुरी तरह झुलस गए हैं। स्थिति यह है कि इन्हें पहचानना तक मुश्किल है। अभी तक घायलों व हताहत यात्रियों के नामों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

राहत राशि की घोषणा

लखनऊ [जाब्यू]। मुख्यमंत्री मायावती ने बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को एक-एक लाख व घायलों को पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों का बेहतर व मुफ्त इलाज करने का निर्देश भी जिला प्रशासन को दिया है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति