समाचार

दिल्ली: आपातकालीन स्थिति में उतरा विमान

Jun 29, 03:46 pm
  Print

नई दिल्ली। दिल्ली से हैदराबाद जा रहे एयर इंडिया के एक विमान को तकनीकी खामी की आशंका के चलते आपातकालीन परिस्थितियों में यहां के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा। विमान में 74 लोग सवार थे और पायलट को इसमें तकनीकी त्रुटि का संदेह था।

हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि पायलट द्वारा हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष [एटीसी] को तकनीकी खामी की सूचना दिए जाने के तत्काल बाद रनवे के पास दमकल गाड़ियां और एंबुलेंस तैनात कर दी गईं।

सूत्रों ने कहा कि पायलट ने एटीसी को सूचना दी थी कि वह एयर बस ए-320 को उतारना चाहता है, क्योंकि कॉकपिट पैनल से हाइड्रोलिक व्यवस्था में तकनीकी खराबी का संकेत मिला है। एयर लाइन के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली-हैदराबाद-तिरुपति-उड़ान, आईसी-942 पूर्वाह्न 11 बजकर 41 मिनट पर ''सामान्य और सुरक्षित'' तरीके से उतर गया जिसमें से 68 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को उतार लिया गया।

पैनल पर हाइड्रोलिक व्यवस्था में समस्या दिखने पर पायलट ने हैदराबाद जाने की बजाय दिल्ली लौटने का फैसला किया। हवा में 30 मिनट रहने के बाद विमान वापस लौट आया। एयर इंडिया का तकनीकी दस्ता विमान की खामी की जांच कर रहा है। एयरलाइन के अधिकारी ने कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य पर पहुंचाने के लिए दूसरे विमान का प्रबंध किया गया।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति