समाचार

रेल लाइन पर गिरी मिनी बस, 11 मरे

Jul 04, 04:39 pm
  Print

हावड़ा [जासं]। चालक के नियंत्रण खो देने से फ्लाई ओवर पर जा रही मिनी बस चालीस फीट नीचे रेल की पटरी पर जा गिरी जिसमें ग्यारह लोगों की मौत हो गई। बीस अन्य घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना पश्चिम बंगाल में हावड़ा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को हुई।

पुलिस ने बताया कि आठ लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, वहीं तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक दूसरी बस से ओवरटेक के प्रयास में मिनी बस रेलिंग तोड़ते हुए बंकिम सेतु [फ्लाई ओवर] से करीब 40 फुट नीचे प्लेटफॉर्म संख्या 11 और 12 की पटरियों पर जा गिरी। यह मिनीबस नाजीरगंज से हावड़ा की ओर जा रही थी।

घटना से रेल यातायात में थोड़ी देर के लिए बाधा आई। अधिकारियों ने एहतियात बरतते हुए प्लेटफॉर्म संख्या 10 से 23 तक के बीच की विद्युत आपूर्ति रोक दी। पटरियों पर गिरते समय बस का ओवरहेड तार से स्पर्श हो जाने के कारण झुलसने से भी कुछ यात्रियों की मौत होने की बात बताई गई है। रेलमंत्री ममता बनर्जी ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति