
कठुआ [जम्मू कश्मीर]। जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक टैंपो और बस के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से जम्मू जा रहा टैंपो तड़के लगभग दो बजे जम्मू से लगभग 80 किलोमीटर दूर कठुआ जिले में बघियाल मोड़ पर जम्मू से दिल्ली जा रही एक यात्री बस से टकरा गया। इस टक्कर के चलते 19 यात्रियों को ले जा रहा टैंपो पलट गया। टैंपो में सवार 12 यात्रियों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। घटना में कोई बस यात्री घायल नहीं हुआ। घायलों में से चार को कठुआ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य को जम्मू के राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।