
सिवान [जासं]। बिहार के सिवान में पिछले चार दिनों के दौरान जहरीली शराब पीने से नौ लोगों के मरने की खबर है। जबकि पुलिस ने सिर्फ छह लोगों के मरने की पुष्टि की है। दो शराब विक्रेताओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिवान के नगर थाना क्षेत्र में नवलपुर वार्ड नंबर सात में जहरीली शराब से गुरुवार को दो लोगों की मौत हुई। शराब पीने के बाद जब हालत खराब हुई तो मुन्ना उर्फ धुमन और लड्डू राम को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जबकि इससे पहले बुधवार को नवलपुर निवासी धरमवीर चौहान व कमाल मियां ने दम तोड़ा था। मंगलवार को नवलपुर बड़ी तकिया निवासी नेसार मियां भी जहरीली शराब पीकर मर गए। इस प्रकार नवलपुर निवासी श्याम प्रसाद की सोमवार व नया किला निवासी बड़े मियां, नवलपुर निवासी रुनी मियां व राधे राम की रविवार को जहरीली शराब मौत हुई है।
घटना के प्रकाश में आने पर पुलिस हरकत में आई। सदर इंस्पेक्टर जयराम शर्मा ने छापामारी कर सरकारी शराब विक्रेता मोहन प्रसाद व उसके नौकर अनिल तुरहा तथा मच्छरहट्टा के शराब विक्रेता हरिलाल चौधरी को गिरफ्तार किया है। इनसे 25 कार्टून में बंद 1250 देशी पाउच भी बरामद किया गया। एसपी डा. अमित कुमार जैन ने बताया कि गिरफ्तार शराब के कारोबारियों ने ही नवलपुर में अवैध शराब की फुटकर सप्लाई की थी। एसपी जैन ने जहरीली शराब से केवल छह लोगों के मरने की पुष्टि की है।