समाचार

मैनपुरी में बस-ट्रक भिड़ंत, 23 मरे

Jan 01, 05:30 am
  Print

मैनपुरी, जागरण संवाददाता। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर औंछा क्षेत्र में मंगलवार की रात करीब साढ़े सात बजे सवारियों से खचाखच भरी एक मिनी बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गये। प्रशासन ने 23 लोगों के मरने की पुष्टि की है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात तक 27 लोगों की मौत हो गई। दो दर्जन से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मिनी बस एक स्कूल की थी।

रठैरा से बलवीर सिंह यादव अपनी बेटी की सगाई के लिए एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के नगला बिहारी जा रहे थे। बस में चार दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। औंछा थाना क्षेत्र में ग्राम हविलिया के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इसके बाद बस पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को निकाला। घायलों को जिला अस्पताल और मृतकों का पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया।

मौके पर सीडीओ सतीश कुमार और एसडीएम जयशंकर दुबे सहित तमाम अधिकारी पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। अस्पताल में भर्ती दो दर्जन से ज्यादा घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। देर रात लखनऊ से जिलाधिकारी रणवीर प्रसाद ने दैनिक जागरण को बताया कि हादसे में 23 लोगों की मौत हुई है। 16 की पहचान भी हो चुकी है। गंभीर घायलों को आगरा और सैफई के लिए रेफर किया गया है। प्रशासन ने मृतकों का रात में ही पोस्टमार्टम शुरू करा दिया था।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति