मुजफ्फरनगर। हाल के मायावती टिकैत प्रकरण में भारतीय किसान यूनियन के नेता महेंद्र सिंह टिकैत को समर्थन देने वाले राजनैतिक दलों के नेताओं को उस समय झटका लगा जब भाकियू नेता ने साफ कर दिया कि अभी किसी भी दल से गठजोड़ की संभावना नहीं है।
यूनियन सभी दलों का सम्मान करती है। उचित समय पर किसान हित सर्वोच्च होगा। यूनियन के मुख्यालय सिसौली में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत शनिवार को पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तार दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यूनियन सभी दलों का सम्मान करती है, जिन्होंने इस प्रकरण में उनका समर्थन किया है। उन्होंने लोकदल का नाम लिए बिना कहा कि किसी भी दल के साथ अभी किसी गठजोड़ की संभावना नहीं है। भारतीय किसान यूनियन उचित समय पर किसानहित में निर्णय लेगी इसका निर्णय किसानों की राय से लिया जाएगा।
गत दिनों बिजनौर अदालत में आत्मसमर्पण किए जाने के बारे में एक प्रश्न के उत्तार में उन्होंने कहा कि किसी दबाव में नहीं, बल्कि कानून का सम्मान करते हुए वह अदालत गए।