लोकतंत्र की हत्या करा रही है माकपा

 
May 07, 09:39 pm

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। पश्चिम बंगाल का पंचायत चुनाव जीतने के लिए माकपा द्वारा फैलाए जा रहे आतंक की कड़ी भ‌र्त्सना करते हुए भाजपा ने कहा है कि यदि यही हाल रहा तो राज्य में चुनाव नहीं होंगे बल्कि लोकतंत्र की हत्या होगी। नंदीग्राम की हिंसक व अमानवीय घटनाओं को माकपा का नंदीग्राम-2 करार देते हुए भाजपा ने वहां पर चुनाव रद करने या फिर वहां बड़ी संख्या सेना की तैनाती की मांग की है।

उसका आरोप है कि नंदीग्राम में अपना वर्चस्व दिखाने के लिए माकपा हर हाल में पंचायत चुनाव जीतना चाहती है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि पंचायत चुनावों को लेकर माकपा नंदीग्राम में जो कुछ कर रही है, वह हिंसा व अमानवीय घटनाओं के लिहाज से नंदीग्राम-दो है। इसके पहले एसईजेड के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर माकपा ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग व अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी थीं। अब चूंकि नंदीग्राम में वह पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुकी है तो पंचायत चुनाव में जीत कर वह दुनिया को वहां पर अपना समर्थन दिखाना चाहती है। इसके लिए वह हर विरोधी को निपटाने में लगी है। हाल में एक महिला को निर्वस्त्र कर सरेआम पीटने की घटना से साफ है कि वह माहौल में ऐसी दहशत पैदा करना चाहती है, जिससे विरोधी भाग खड़े हों।

जावडेकर ने कहा कि नंदीग्राम जैसे हालात पूरे प्रदेश में हैं। पंचायत चुनाव में माकपा बैलट के बजाय डंडा लेकर निकल पड़ी है। उसका काडर हिंसा के जरिये दहशत फैला रहा है और राज्य में उसकी सरकार इसे रोकने के बजाय बढ़ावा दे रही है। विपक्षी उम्मीदवारों को मारा-पीटा जा रहा है। राज्य पुलिस तमाशबीन बनी हुई है और सीआरपीएफ की कंपनियों को कहीं भी तैनात नहीं किया जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी आरती मंडल के घर पर बम से हमला व जयदेव मंडल पर हुए प्राणघातक हमले से चिंतित भाजपा ने कहा, इससे साफ है कि वहां पंचायत चुनाव मजाक बन कर रह गए हैं।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित