समाचार

कर्नाटक में किसी से गठबंधन नहीं: सोनिया

May 07, 09:39 pm
  Print

टुमकुर [कर्नाटक]। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में किसी भी अन्य दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। सोनिया ने इसके साथ ही आतंकवाद के खिलाफ नरम रवैया अपनाने के भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया।

उन्होंने मुख्य विपक्षी दल को याद दिलाया कि राजग के कार्यकाल में देश में कई आतंकी हमले हुए थे। सोनिया ने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे विरोधी हम पर हर तरह के आरोप लगा रहे हैं। लेकिन, लोगों को सच्चाई की जानकारी है। हम आतंकवाद के खिलाफ नरम रवैया अपनाने के आरोप को सहन नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि कांग्रेस हमेशा आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष करती रही है और इस दौरान उसने इंदिरा गांधी व राजीव गांधी जैसे अपने नेताओं का बलिदान दिया है।

सोनिया ने कहा कि हम भाजपा नेताओं से पूछना चाहते हैं कि कंधार अपहरण कांड के दौरान आतंकियों को किसने रिहा किया। संसद पर हमला हो या गुजरात में अक्षरधाम मंदिर पर हमला, ये सभी घटनाएं भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार के दौरान हुई।' सोनिया ने कहा कि हमें ऐसे लोगों [भाजपा] से देशभक्ति का प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं। महंगाई मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार खाद्य पदार्थो की कीमतें कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

राज्यसभा में पेश महिला आरक्षण विधेयक का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिवंगत राजीव गांधी का सपना था।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति