समाचार

पंजाब: धांधली की शिकायत करेगी कांग्रेस

May 15, 10:57 pm
  Print

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। पंजाब कांग्रेस शुक्रवार को राष्ट्रपति से मिल कर मांग करेगी कि वह पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल द्वारा की गई कथित धांधली को लेकर राज्यपाल से रिपोर्ट मांगें। इसके अलावा कांग्रेस नेता गृहमंत्री शिवराज पाटिल व मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी से भी मिल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।

वैसे माना यह भी जा रहा है कि पंजाब के पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों में शिरोमणि अकाली दल की जीत का ठीकरा प्रदेश नेतृत्व सत्तारूढ़ दल द्वारा सत्ता व सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के सिर फोड़ना चाहती है। वैसे तो राष्ट्रपति से मिलने जाने वाले 17 नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी नाम शामिल है लेकिन वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर कौर भट्ठल के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे, इसकी संभावना कम ही नजर आती है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी का कहना था कि पंजाब के पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों में धांधली की शिकायतें आई हैं। सत्तारूढ़ दल ने इन चुनावों को जीतने के लिए प्रशासन व सरकारी मशीनरी का जम कर दुरुपयोग किया है। इस बात के उनके पास सुबूत भी हैं कि किस तरह सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल किया गया है। यहां तक कि कई जगह कांग्रेसी उम्मीदवारों को डरा धमका कर नामांकन भी नहीं भरने दिया गया। मालूम हो, ऐसी शिकायतें कांग्रेस ही नहीं कर रही बल्कि कुछ जगह पर भाजपा के साथ भी शिरोमणि अकाली दल की झड़पें हो चुकी हैं। इसके चलते गठबंधन में भी कुछ खटास पड़ती नजर आ रही है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति