समाचार

महंगाई पर सरकार की कोरी बयानबाजी

May 16, 07:17 pm
  Print

नई दिल्ली। महंगाई की मार से भूखे रहने पर मजबूर देश के लाखों लोगों के बचाने के लिए भाजपा ने केंद्र सरकार से राशन की दुकानों से समाज के सभी वर्र्गो को तत्काल आवश्यक वस्तुएं मुहैया कराने की मांग की है।

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह महंगाई पर काबू करने के लिए ठोस उपाय करने के बजाय कोरी बयानबाजी कर रही है। यही वजह है कि महंगाई हर हफ्ते सरकार के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए नई ऊंचाई पर पहुंच रही है।

शुक्रवार को सरकार द्वारा जारी ताजे आंकड़ों के मुताबिक महंगाई 44 माह के उच्चतम स्तर को छूते हुए 7.83 फीसदी पर पहुंच गई है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार जिस तरह का रवैया अपना रही है, उससे इसके और बढ़ने की आशंका है। महंगाई से गरीब तो मर ही रहा है गरीबी के रेखा से ऊपर का भी एक बड़ा वर्ग भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। सरकार को तत्काल कदम उठाते हुए राशन की दुकानों से समाज के सभी वर्गो को आवश्यक खाद्यान्न गेहूं, चावल, चीनी, दाल व खाद्य तेल मुहैया कराना चाहिए।

जावड़ेकर ने कहा कि इसके लिए अगर सरकार को सब्सिडी भी देनी पड़े तो उसे ऐसा करना चाहिए। केंद्र सरकार के कुछ मंत्रियों द्वारा महंगाई के लिए भाजपा शासित राज्यों को जिम्मेदार ठहराने पर जावड़ेकर ने कहा कि हालात हाथ से निकलते देख केंद्र सरकार अब अपनी जान बचाने के लिए भाजपा शासित राज्यों के सिर अपने पाप का ठीकरा फोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा ही है जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश अपनी पार्टी के मतदाताओं को खुश करने के लिए भारतीयों को पहले से अधिक खाने के लिए कोस रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुश और मनमोहन सिंह की मानसिकता काफी कुछ मिलती-जुलती है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति