समाचार

कांग्रेस दिखाएगी उपलब्धियों का बाइस्कोप

May 22, 09:17 pm
  Print

नई दिल्ली ]जागरण ब्यूरो]। महंगाई और आतंकवाद पर चौतरफा फजीहतों के बीच कांग्रेस अब सरकार की उपलब्धियों को हाइटेक मल्टीमीडिया के बजाय बाबाजी के बाइस्कोप का स्वरूप देने में जुट गई है ताकि लोकसभा चुनाव में गांवों को लुभाते हुए वोट बटोरा जा सके।

संप्रग सरकार की चौथी सालगिरह के मौके पर जहां केंद्रीय सत्ता प्रतिष्ठान रिपोर्ट कार्ड और दावतों के जरिए अपनी उपलब्धियों का डंका पीटने में व्यस्त रहा, वहीं कांग्रेस के रणनीतिकार महंगाई और आतंकवाद को लेकर सरकार की लगातार हो रही खिंचाई के बीच इन उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति में लगे रहे। इसके लिए पार्टी के आला पदाधिकारियों की बाकायदा गुरुवार को बैठक हुई। दिग्विजय सिंह और पृथ्वीराज चव्हाण को छोड़ राहुल गांधी समेत पार्टी के सभी महासचिवों तथा प्रदेशों के प्रभारियों ने इसमें हिस्सा लिया।

बैठक में महंगाई पर कांग्रेस और सरकार के खिलाफ हो रहे उलटे प्रचार की चुनौती से निपटने पर चर्चा हुई। साथ ही सबसे अहम एजेंडा सरकार की चार साल की उपलब्धियों को अब हाइटेक मल्टीमीडिया प्रस्तुतियों व प्रकाशनों से इतर गांव-गांव तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। यह तय हुआ कि सरकार के चार साला रिपोर्ट कार्ड और पूरे किए गए वादों को हर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार गांव-गांव तक पहुंचाया जाए। इसके लिए पार्टी प्रचार रणनीति तैयार करेगी जिसमें प्रदेश कांग्रेस इकाइयों की मदद ली जाएगी।

पार्टी का मानना है कि कांग्रेस शासित प्रदेशों में केंद्र की उपलब्धियों का डंका पीटने में ज्यादा दिक्कत नहीं है, असली चुनौती विपक्ष शासित राज्यों में है। खासकर यह देखते हुए कि कांग्रेस विपक्ष शासित कई राज्य सरकारों पर संप्रग की राष्ट्रीय रोजगार गारंटी, भारत निर्माण सरीखी महत्वाकांक्षी योजनाओं का श्रेय खुद लूटने का आरोप लगाती आई है। इस चुनौती को देखते हुए ही पार्टी हाईटेक की बजाय आमलोगों को लुभाने वाली भाषा-जुबान और अंदाज में प्रचार सामग्री बनाएगी। इसमें मोबाइल वाहन पर बाइस्कोप का विकल्प भी शामिल है। प्रचार अभियान की रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों की यह बैठक सोमवार को हुई।

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष वीरप्पा मोइली ने आज की बैठक के बारे में कहा कि सरकार की चार साल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। सरकार के रिपोर्ट कार्ड को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश इकाइयों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसी आधार पर कांग्रेस अगले चुनावों की प्रचार रणनीति और अभियान को अंजाम देगी।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति