समाचार

संप्रग के खिलाफ वोट देंगे शिवसेना सांसद

Jul 20, 02:42 am
  Print

मुंबई [जासं]। लोकसभा में 22 जुलाई को विश्वासमत से पहले राजग के लिए यह खबर राहत भरी हो सकती है। यहां शनिवार को शिवसेना सांसदों की बैठक में निर्णय हुआ कि विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान शिवसेना पूरी तरह से राजग के साथ रहेगी। बैठक में शिवसेना के 12 सांसदों में 11 उपस्थित थे। परभनी से लोकसभा सदस्य तुकाराम नहीं आए थे।

शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे के निवास मातोश्री में दो घंटे तक चली बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं रत्नागिरी से सांसद अनंत गीते ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे दिल्ली में पार्टी की बैठक होगी। वहीं सांसदों को मतदान के वक्त उपस्थित रहने के लिए आधिकारिक व्हिप जारी किया जाएगा।

गीते ने शिवसेना में किसी तरह की फूट की संभावना से इनकार किया। बैठक में तुकाराम की अनुपस्थिति के बारे में पूछने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी ने कहा कि वह रविवार की बैठक में उपस्थित होंगे। लेकिन सूत्र तुकाराम की गैरमौजूदगी को बगावत की संभावना मानने से इनकार नहीं कर रहे हैं। तुकाराम को अगले चुनाव में टिकट नहीं मिलने का अंदेशा है। बैठक में राजग का प्रतिनिधित्व करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गोपीनाथ मुंडे भी मौजूद थे। कुछ दिन पहले ही शिवसेना सांसद मोहन रावले के प्रधानमंत्री से मुलाकात पर शंका जताई जा रही थी कि वह संभवत: राजग से छिटक सकते हैं। लेकिन रावले ने कहा था कि वह किसी व्यक्तिगत कार्य से प्रधानमंत्री के पास गए थे। रावले नरसिंहराव के प्रधानमंत्रित्व काल में भी एक बार अपनी पार्टी की नीति से अलग जाकर मतदान कर चुके हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति