
नई दिल्ली। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र और कांग्रेस के विद्रोही सांसद कुलदीप बिश्नोई ने रोहतक में एक रैली में आरोप लगाया है कि मंगलवार को होने वाले विश्वास मत पर सरकार के पक्ष में वोट देने या फिर अनुपस्थित रहने के लिए उनको 100 करोड़ रुपये की घूस की पेशकश की गई है।
कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा 2005 में संपन्न विधानसभा चुनावों में जीत के बाद अपने पिता को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने के कारण कुलदीप खुलेआम उनकी आलोचना करते रहे है। कुलदीप ने पहले ही कह दिया है कि वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के खिलाफ संसद में वोट देंगे।
कुलदीप ने रैली में कहा कि संप्रग सरकार को वोट देने के लिए यदि उनको हरियाणा राज्य के मुख्यमंत्री पद की पेशकश भी की जाती तो वह उसे ठुकरा देते, लेकिन कुलदीप ने यह नहीं बताया कि उनको यह रकम देने की पेशकश किस व्यक्ति ने की है।
मंगलवार को विश्वास मत पर मतदान का समय नजदीक आने के साथ ही सांसदों की खरीद फरोख्त की खबरे सामने आने लगी है।
इस तरह की खबरों को सबसे पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव ए.बी. बर्द्धन ने हवा दी। पिछले सप्ताह उन्होंने दावा किया कि सरकार के पक्ष में वोट देने के लिए हर सांसद को 25 करोड़ रुपये का घूस देने का प्रस्ताव दिया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भी उनका अनुसरण करते हुए कहा था कि मायावती ने उनके एक सांसद को बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया है।