नई दिल्ली। समर्थन में हरे, विरोध में लाल और अनुपस्थित रहने की स्थिति में पीले बटन दबाकर लोकसभा सदस्य मंगलवार को सरकार की किस्मत का फैसला करेंगे।
लोकसभा में सरकार द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव पर मंगलवार को होने वाले मत विभाजन के लिए एकीकृत माइक्रोफोन प्रबंधन प्रणाली स्थापित की गई है। साथ ही स्वचालित वोट रिकार्डिग प्रणाली भी लोकसभा चेंबर में लगाई गई है, जिसमें सदस्यों के वोट रिकार्ड होंगे। यदि किसी सदस्य ने गलत मतदान किया है या अपने दिए मत को बदलना चाहता है तो उसे दस सेकेंड के अंदर आडियो अलार्म बजने से पहले ऐसा करना होगा।
वोटिंग का तरीका लोकसभा में प्रचलित परंपरा के अनुरूप ही होगा। सदस्य अपने लिए निर्धारित सीट से ही आटोमेटिक वोट रिकार्डिग मशीन पर वोट कर सकेंगे। सदन में हर सदस्य की सीट पर आटो वोट रिकार्डिग उपकरण लगे हुए हैं।
इस स्वचालित प्रणाली के कार्यान्वयन की चाबी सदन के महासचिव की मेज पर लगी है और अध्यक्ष के आदेश पर महासचिव इस वोटिंग प्रक्रिया को संचालित करेंगे। महासचिव द्वारा अपनी मेज पर लगे बटन को दबाने के बाद ही प्रत्येक सदस्य की सीट पर लगे आटो वोटिंग मशीन पर लगा अलार्म बज उठेगा और उनके पुश बटन के बल्ब जल उठेंगे। मत डालने के लिए प्रत्येक सदस्य को अपनी सीट पर लगी वोटिंग मशीन के वोट इनीशियेटिंग स्विच को दबाने के साथ ही हां के लिए हरा [ना], नो के लिए लाल तथा एब्स्टेन [अनुपस्थित] के लिए पीला बटन दबाना होगा।
अपनी पसंद के बटन उन्हें दस सेकेंड तक दबाए रखने होंगे जब तक आडियो अलार्म न बज उठे। सदन के डिस्प्ले बोर्ड पर दस सेकेंड की उल्टी गिनती नजर आएगी।