समाचार

असम के लिए राहत पैकेज की घोषणा

Aug 26, 08:27 pm
  Print

गुवाहाटी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को असम के लिए एक राहत पैकेज की घोषणा की, जिसमें विशेषकर शिक्षा क्षेत्र पर ध्यान दिया गया है। पैकेज में राज्य में विश्व स्तरीय शिक्षण संस्थान बनाने के अनेक प्रस्ताव शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के इस पैकेज में असम में एक विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय, पेट्रोलियम टेक्नालाजी पर आधारित एक संस्थान तथा एक नेशनल डिजाइन इंस्टीट्यूट की स्थापना शामिल है। इसके तहत केंद्र राज्य दक्षता विकास मिशन की स्थापना में राज्य सरकार की मदद करेगा। इस मिशन का उद्देश्य असम के युवाओं में रोजगार तथा दक्षता विकास को प्रोत्साहित करना है।

राज्य की यात्रा पर सोमवार को यहां पहुंचे सिंह ने राज्य के विकास, सुरक्षा तथा कल्याण से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री तरुण गोगोई तथा मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ चर्चा की। सिंह के पैकेज में राज्य के हर विकास खंड में माडल स्कूल स्थापित करना शामिल है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार राज्य में राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान स्थापित करने में मदद करेगी। पूर्वाेत्तर औद्योगिक निवेश संवर्धन नीति को उचित रूप से चुस्त-दुरुस्त किया जाएगा ताकि क्षेत्र में निवेश को बढ़ाया जा सके।

केंद्र सरकार असम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, ला स्कूल तथा विधि अकादमी स्थापित करने में राज्य सरकार की मदद करेगी।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति