समाचार

मुद्रास्फीति सरकार के लिए बड़ी चिंता: पीएम

Sep 05, 08:02 pm
  Print

सेलम [तमिलनाडु]। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्र वार कहा कि बढ़ रही कीमतें सरकार के लिए बड़ी चिंता बनकर उभरी हैं व उत्पादकता बढ़ाकर ही सुनिश्चित हो सकता है कि आर्थिक विकास मुद्रास्फीतिकारी न हो।

सिंह ने कहा कि पिछले चार साल के दौरान सरकार ने बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए कई उपाय किए हैं। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि मुद्रास्फीति के नियंत्रण के उपाय विकास की गति को प्रभावित न करें।

प्रधानमंत्री यहां सेलम इस्पात संयंत्र के विस्तार और आधुनिकीकरण के कार्य की आधारशिला रखने आए थे।

उन्होंने कहा कि 11वीं योजना अवधि के दौरान अर्थव्यवस्था के नौ प्रतिशत की दर से विकास करने की संभावना है। विकास की प्रक्रिया मुद्रास्फीतिकारी न हो यह सुनिश्चित करने के लिए इसमें उत्पादकता बढ़ानी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गैर मुद्रास्फीतिकारी विकास सुनिश्चित करने के लिए देश को सभी क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के आधुनिकीकरण के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने के मामले में भारत को अभी भी लंबी दूरी तय करनी है।

इस मौके पर सिंह के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद थे।

सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथारिटी आफ इंडिया की देश के आर्थिक विकास में भूमिका की सराहना करते हुए सोनिया ने कहा कि इस्पात, बिजली, गैस और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की महत्वपूर्ण भूमिका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति