
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश ने रविवार को एनएसजी में सफलता के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मजबूत नेतृत्व की तारीफ की। एनएसजी ने आज ही भारत को परमाणु व्यापार की भारत को छूट दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने कहा कि बुश ने फोन पर सिंह से बात की और उनके मजबूत नेतृत्व और काफी मर्यादा के साथ जिस तरह से उन्होंने मुद्दे से निबटा उसके लिए उनकी तारीफ की। 45 देशों के समूह द्वारा विएना बैठक में अनिर्धारित विस्तारित विचार विमर्श में भारत केंद्रित परमाणु व्यापार छूट को मंजूरी दिए जाने के कुछ देर बाद दोनों नेताओं के बीच टेलीफोन वार्ता हुई।
प्रधानमंत्री ने नागरिक परमाणु करार की पहल को आगे बढ़ाने और भारत तथा अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ पूर्ण असैनिक परमाणु सहयोग की छूट के लिए एनएसजी दिशानिर्देशों में समयोजन में राष्ट्रपति की भूमिका के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत और अमेरिका के बीच एक दूसरे के लिए लाभकारी संबंध उनकी अवाम के हित में है और वह स्थायित्व के साथ मजबूती के रास्ते पर है तथा उसमें बहुआयामी विस्तार हो रहा है जिसके लिए दोनों नेताओं ने अपनी प्रतिबद्धता जताई।
उधर, विएना से मिली खबर के अनुसार अमेरिका ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह से भारत को मिली छूट को परमाणु अप्रसार व्यवस्था की मजबूती और स्वच्छ ऊर्जा की वैश्चिक चुनौती से निबटने के लिए ऐतिहासिक फैसला करार दिया।
हथियार नियंत्रण मामलों के कार्यवाहक विदेश उप मंत्री जान रूड ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ परमाणु व्यापार की 45 सदस्यीय परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह से छूट मिलने के बाद कहा कि वैश्विक अप्रसार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह महत्वपूर्ण क्षण है।