समाचार

ओबामा के रहस्योद्घाटन पर भाजपा गंभीर

Sep 06, 09:54 pm
  Print

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। पाकिस्तान को मिलने वाली अमेरिकी मदद का भारत के खिलाफ उपयोग करने के मामले पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। पार्टी ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब कर विरोध दर्ज कराने की मांग की है।

पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने सरकार से पूछा है कि वह देश को बताए कि उसने पाकिस्तान में चल रही भारत विरोधी हरकतों पर उसने कब-कब पाकिस्तान को चेतावनी दी है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेट उम्मीदवार बराक ओबामा के रहस्योद्घाटन को गंभीरता से लिया है। ओबामा ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार अमेरिका द्वारा मिलने वाली मदद को भारत के खिलाफ युद्ध की स्थिति के लिए दुरुपयोग कर रही है।

प्रसाद ने कहा कि यह बयान भारत सरकार पर भी कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से पूछा है कि क्या उनकी सरकार को इसकी जानकारी है? यदि है तो इस बारे में क्या कार्रवाई की गई है। प्रसाद ने कहा कि यह केंद्र सरकार की पूरी तरह नाकामी है। एक तरफ पूर्वी सीमा पर बांग्लादेश आतंकवाद का गढ़ बनता जा रहा है। वहीं, पश्चिम में पाक सीमा से भी आतंकवादी घुसपैठ की रफ्तार बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भारत सरकार को तत्काल पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए। पाकिस्तान को यह भी बताया जाना चाहिए कि जनवरी 2004 में हुए वाजपेयी-मुशर्रफ समझौते में पाकिस्तान ने वादा किया था कि वह अपनी जमीन का उपयोग भारत के खिलाफ आतंकवाद में नहीं होने देगा।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति