समाचार

अब अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी की ओर कदम

Sep 06, 10:05 pm
  Print

नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के राजदूत डेविड सी मलफोर्ड ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह [एनएसजी] की बैठक में भारत को परमाणु व्यापार के लिए मिली ऐतिहासिक छूट के लिए भारत सरकार और जनता को शनिवार को बधाई दी तथा कहा कि बुश प्रशासन अब इसे अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी दिलाने का प्रयास करेगा।

मलफोर्ड ने यहां संवाददाताओं से कहा कि भारत के लिए आज का दिन विजय का है। परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह आमसहमति से आज भारत पर परमाणु प्रतिबंध हटाने के निर्णय पर पहुंच गया। यह वर्षो के कडे़ परिश्रम और दोनों देशों के बीच सहयोग का परिणाम था जिससे भारत को वैश्विक असैन्य परमाणु ऊर्जा इस्तेमाल की मुख्यधारा में लाया जा सकेगा।

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि इस मौके पर वह राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की दूरदृष्टि तथा लगन की सराहना करते हैं जिसकी वजह से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि आज भारत को मिली परमाणु छूट से वैश्विक अप्रसार व्यवस्था मजबूत होगी।

मलफोर्ड ने कहा कि यह ना सिर्फ भारत को ऊर्जा संकट से उबरने में सहायक होगा बल्कि इसका पर्यावरण की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। अब हम अपनी कांग्रेस में इसे मंजूरी दिलाने का अंतिम चरण पूरा करेंगे।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति