हैदराबाद। समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने रविवार को अभिनेता से नेता बने चिरंजीवी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि यह मुलाकात चुनाव गठबंधन को ध्यान में रखकर की गई है।
सपा महासचिव अन्य पार्टी नेताओं के साथ जुबली हिल्स स्थित प्रजा राज्यम के कार्यालय गए और चिरंजीवी के साथ करीब एक घंटे तक बातचीत की। सपा महासचिव ने चिरंजीवी को पार्टी गठन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि चिरंजीवी जैसे व्यक्तियों को राजनीति में आना चाहिए। अमर सिंह के साथ जयाप्रदा और जया बच्चन भी थीं। जयाप्रदा ने कई फिल्मों में चिरंजीवी के साथ अभिनय किया है। चिरंजीवी के अमिताभ बच्चन के साथ भी अच्छे संबंध रहे हैं।
प्रजा राज्यम के प्रवक्ता पी प्रभाकर ने बताया कि सपा नेता सदभावना व्यक्त करने के लिए आए थे। इसके विपरीत सूत्रों का कहना है कि सपा नेताओं ने राजनीतिक स्थिति और राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर गठबंधन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।