समाचार

हिंदुत्व पर राजनीति न करे भाजपा: संघ

Oct 12, 03:19 pm
  Print

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भाजपा को आगाह किया है कि हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों पर सत्ता की राजनीति करने की बजाए वह गठबंधन राजनीति की बाध्यताओें के बावजूद हिंदू जनभावनाओं का सम्मान करे और इसके लिए जनता में अपने लिए विश्वास कायम करे।

संघ ने कहा है कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण का संकल्प पूरा न होना उसे बहुत कचोटता है। उसकी अपेक्षा रहेगी कि हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों पर सत्ता की राजनीति न हो, बल्कि सत्ता हिंदू जनभावनाओं का सम्मान करे। उसने कहा कि इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के पीछे राष्ट्रवादी विचारों का जो एक बड़ा मतदाता वर्ग खड़ा है, उसे रामसेतु और अमरनाथ जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर वर्तमान सरकार की हिंदुत्व विरोधी और मुस्लिम तुष्टिकरण वाली वोट बैंक की राजनीति ने बहुत आहत किया है।

संघ के मुखपत्र पांचजन्य के संपादकीय में कहा गया है.. भाजपा ने गठबंधन की राजनीति की बाध्यताओं के बावजूद इस मर्म को समझकर यदि कुछ उदाहरण खड़े किए तो देश की राजनीति को एक नई दिशा देने का श्रेय उसे अवश्य मिलेगा।

राम मंदिर निर्माण का वायदा पूरा नहीं कर पाने पर संघ ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा है कि चुनाव जीतना किसी भी दल के लिए सिर्फ सत्ता तक पंहुचने का दरवाजा ही नहीं खोलता, बल्कि जन आकांक्षाओं को पूरा करके देश का भविष्य संवारना, उसे सुदृढ़, संपन्न और वाभिमानी राष्ट्र बनाना उस विजयी दल का प्रथम दायित्व बन जाता है। संघ ने कहा है कि वर्तमान राजनीतिक परिदृष्य इस दृष्टि से देशवासियों के लिए छलावा ही साबित हुआ है। भाजपा के समक्ष इस परिदृष्य को बदलने की महती जिम्मेदारी है कि वह लोकतंत्र को नोटतंत्र में बदलने वाली अपराधियों से सांठ गांठ रखने वाली राजनीति को किसी भी कीमत पर प्रश्रय नहीं मिलने दे। उसने कहा है कि लोकसभा चुनाव की तैयारी का शंखनाद फूंक चुकी भाजपा को इन सब चिंताओं के बारे में अपने प्रति जनता में विश्वास कायम करना होगा।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति