समाचार

शिवसेना ने दी बड़े आंदोलन की धमकी

Oct 21, 08:53 pm
  Print

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। मनसे के राज ठाकरे की गिरफ्तारी और हंगामे से राजनीतिक धरातल खिसकता देख अब शिवसेना ने संसद में धमकी दी कि जल्द ही इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू हो सकता है। पूर्व लोकसभा स्पीकर व शिवसेना के सांसद मनोहर जोशी ने राज्यसभा में चेतावनी भरे स्वर में कहा कि अगर बाहरी लोग इसी तरह से नौकरियां छीन कर ले जाते रहेंगे तो फिर 'यह सब होता ही रहेगा।

मनोहर जोशी ने मौजूदा विवाद का आरोप रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव पर मढ़ते हुए कहा कि रेलवे में भी जिस प्रदेश में नौकरियां निकलें वहां स्थानीय लोगों को नौकरियों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। अगर मराठियों को अपने प्रदेश में नौकरियां नहीं मिलेंगी और बाहरी लोग नौकरियां ले लेंगे तो क्या मराठियों को गुस्सा नहीं आएगा? इस पर सदन में मौजूद रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मनोहर जोशी के बयान से संकीर्णता, क्षेत्रीयता और सांप्रदायिकता झलक रही है। रेलवे भर्ती बोर्ड राष्ट्रीय स्तर पर नौकरियों के लिए आवेदन मंगाता है और मेरिट के हिसाब से ही नौकरी दी जाती है। अगर रेलवे में भर्ती के लिए कायदा बदलना है तो देश का संविधान बदलना होगा। लालू ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया और परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी ढंग से होती हैं। अगर कोई परीक्षार्थियों की कापी जांचना चाहता है तो वह तैयार हैं। राजनेताओं को अपनी राजनीति के लिए इस तरह से विभाजनकारी बात नहीं करनी चाहिए बल्कि विद्यार्थियों से तैयारी करवाएं। इस पर जोशी ने कहा कि मराठी जानते हैं कि उन्हें क्या पढ़ना-लिखना है। अगर महाराष्ट्र में ही रेलवे में 10 फीसदी मराठी ही नौकरी पाएंगे तो फिर गुस्सा आना स्वाभाविक है। उन्होंने रेलवे भर्ती की परीक्षा मराठी भाषा में भी करवाने की मांग की।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी इस तरफ ध्यान देना चाहिए कि प्रादेशिक भावनाएं आहत न हों। अगर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता नहीं मिली तो फिर इससे भी बड़ा आंदोलन हो सकता है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति