समाचार

कश्मीर चुनाव पर टिप्पणी से बाज आए पाक

Nov 21, 06:36 pm
  Print

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर चुनाव पर पाकिस्तान की टिप्पणी पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया की है। भारत ने पड़ोसी देश को नसीहत देते हुए कहा कि वह हमारे अंदरूनी मामलों पर टिप्पणी करने से बचे।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर चुनाव को वहां की जनता की उम्मीदों के विपरीत बताते हुए इसकी निष्पक्षता पर सवालिया निशान लगाए थे। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान की यह टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान की इस तरह की टिप्पणी से जाहिर होता है कि वह दायित्वपूर्ण भूमिका नहीं निभा रहा।' प्रकाश ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से जाहिर होता है कि पाकिस्तान कश्मीर में अपनी सक्रिय भूमिका को लेकर किस कदर उतावला है।

प्रकाश का यह बयान पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की जम्मू-कश्मीर चुनाव पर टिप्पणी के एक दिन बाद आया है। पाक प्रवक्ता मुहम्मद सादिक ने गुरुवार को इस्लामाबाद में कहा था कि जम्मू-कश्मीर चुनाव लोगों की वास्तविक आकांक्षाओं का इजहार नहीं करते।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में सात चरणों में चुनाव होने हैं। अलगाववादियों द्वारा चुनाव बहिष्कार का ऐलान और जबरदस्त बर्फबारी के बावजूद पहले चरण के मतदान में 55 फीसदी मतदान हुआ था।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति