
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस जारी किया।
आयोग के सूत्रों ने बताया कि आयोग ने उस रिपोर्ट के आधार पर यह नोटिस जारी किया है कि वसुंधरा राजे ने 25 नवंबर को बांसवाड़ा के छोटी सरवन में पार्टी की एक चुनावी सभा के दौरान समर्थन हासिल करने के उद्देश्य से भरिया महुदा गांव की हुनारी बाई के बच्चे को पांच सौ रुपये दिए थे।
वसुंधरा राजे राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार हैं। आयोग का कहना है कि चुनाव सभा के दौरान किसी को घूस देना आदर्श चुनाव आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। आयोग ने वसुंधरा राजे से कल शाम पांच बजे तक यह स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर उन्होंने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन क्यों किया।
आयोग ने इसी तरह का नोटिस भाजपा अध्यइा को भी जारी किया और उनसे भी कल शाम तक यह जवाब देने को कहा है कि इस मामले में उनकी पार्टी चुनाव आचार संहिता का पालन करने में क्यों विफल रही है।