
नई दिल्ली/तिरुअनंतपुरम। रेलमंत्री लालू प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि शहीद एनएसजी कमांडो मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के परिजनों के बारे में टिप्पणी के लिए केरल के मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन को तत्काल हटाया जाए। उधर, केरल में सीएम के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया।
लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि केरल के मुख्यमंत्री ने जो कुछ बोला है वह एक गंभीर बात है। यह शहीदों का भारी अपमान है। इसकी सराहना नहीं की जा सकती। मैं माकपा पोलित ब्यूरो से मांग करूंगा कि मुख्यमंत्री को विदा करिए। उनकी छुट्टी कीजिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अच्युतानंदन जब बेंगलूर में केरल निवासी मेजर संदीप के पिता से मिलने गए थे तो नाराज पिता ने उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया था। इस पर अच्युतानंदन की टिप्पणी थी कि अगर वह मेजर संदीप का घर नहीं होता तो वहां एक कुत्ता भी नहीं पहुंचता। यह संदीप का परिवार था इसलिए हम वहां गए।
लालू ने कहा कि संदीप के पिता सदमे में थे। उनका बेटा शहीद हो गया था। उन्हें तकलीफ थी। उन्हें अपेक्षा भी थी। ऐसे में उन्होंने सीएम को अपने घर में प्रवेश नहीं करने दिया।
लालू ने साथ ही भाजपा से मांग की कि वह मुंबई हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि देने वाली महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मुख्तार अब्बास नकवी को पार्टी से निकाले।
उधर, केरल में कांग्रेस व भाजपा से जुडे़ संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री से माफी की मांग की। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से सचिवालय के सामने विरोध मार्च निकाला और मुख्यमंत्री का पुतला फूंगा। दूसरी ओर, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सीएम के खिलाफ नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।