
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उधर, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर देशमुख का उत्ताराधिकारी चुनने के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अधिकृत किया गया।
63 वर्षीय देशमुख ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के बाद राजभवन जाकर राज्यपाल एससी जमीर को अपना इस्तीफा सौंपा। सम्मेलन में उन्होंने दो बार राज्य की बागडोर संभालने का मौका देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया।
देशमुख ने लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारी के बारे में सवाल के जवाब में कहा कि मैं सरकार में इतने लंबे समय तक रहा हूं। मेरा यह कर्तव्य है कि अब मैं पार्टी का कामकाज संभालूं। उन्होंने कहा कि पार्टी को यह फैसला करना है कि मैं लोकसभा या कोई दूसरा चुनाव लड़ूं।
देशमुख ने कहा कि मेरे कार्यकाल के दौरान कांग्रेस एनसीपी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यो से कांग्रेस को अगला चुनाव जीतने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस सवाल पर चुप्पी साध ली कि उनके बाद राज्य की बागडोर किसके हाथ में होगी। उन्होंने कहा कि विधायक दल इस बारे में फैसला करेगा और सोनिया गांधी अंतिम निर्णय लेंगी। कार्यकाल के दौरान किसी अफसोस के बारे में पूछने पर उन्होंने मुंबई में हुए आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ युद्ध में मारे गए इतने लोगों की जान हम नहीं बचा पाए।
संवाददाता सम्मेलन में देशमुख के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मानिकराव ठाकरे और कार्यकारी अध्यक्ष जयवंतराव अवले भी मौजूद थे।