समाचार

पीएम ने उड़ाई भाजपा के नारे की खिल्ली

May 03, 08:16 pm
  Print

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भाजपा के 'मजबूत नेता, निर्णायक सरकार' नारे की रविवार को धज्जियां उड़ाईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और उसके नेता का रिकार्ड निर्णायक व मजबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी जगह राजग सरकार के कार्यकाल का रिकार्ड कुछ अलग ही तस्वीर पेश करता है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि धर्म की राजनीति करने वाला दल देश को आगे नहीं ले जा सकता। उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के काले धन के मुद्दे को चुनावी स्टंट करार दिया। मनमोहन रविवार को यहां एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजधानी की सात सीटों पर गुरुवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के साथ मतदान होना है।

भाजपा के 'मजबूत नेता, निर्णायक सरकार' नारे की खिल्ली उड़ाते हुए मनमोहन ने कहा, 'भगवा पार्टी कहती है कि आतंकवाद से केवल वही निपट सकती है। लेकिन, राजग सरकार के दौरान उसका रिकार्ड कुछ और ही तस्वीर पेश करता है।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'राजग कार्यकाल में आडवाणी के गृह मंत्री रहते संसद, लाल किला, रघुनाथ मंदिर, अक्षरधाम मंदिर और जम्मू-कश्मीर विधानसभा पर आतंकी हमले हुए। यही नहीं, कारगिल में घुसपैठ के वक्त भी भाजपा सरकार सो रही थी।' उन्होंने कंधार विमान अपहरण कांड के दौरान तीन आतंकियों को छोड़ने का जिक्र करते हुए कहा, 'भाजपा सरकार का यह रिकार्ड है। अब आपको फैसला करना है कि भाजपा कितनी मजबूत और निर्णायक है।'

प्रधानमंत्री ने कहा, 'इसकी जगह आपने देखा कि मुंबई आतंकी हमले के दौरान हमने कितनी सख्ती से आतंकियों का सामना किया। आतंकवाद से मुकाबले के लिए हम अपनी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों में जरूरी सुधार कर रहे हैं।' प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान में सिखों पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पाकिस्तान से कड़े कदम उठाने को कहा है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति