समाचार

लालू बताएं कांग्रेस के साथ हैं या नहीं

Jun 22, 06:36 pm
  Print

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी पार्टी अब भी कांग्रेस के साथ है या फिर उसने रिश्ते तोड़ लिए हैं।

नीतीश कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, राजद अपने चार लोकसभा सांसदों के साथ केंद्र की मनमोहन सिंह सरकार को समर्थन दे रहा है लेकिन इसी के साथ लालू प्रसाद सहित उस दल के नेता बिहार में चुनावी हार समेत विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस को आड़े हाथों ले रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के बाद धन्यवाद प्रकट करने की यात्रा में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग होने के राजद नेता के आरोपों को बेतुका बताते हुए कुमार ने कहा कि इससे प्रसाद का मानसिक खोखलापन झलकता है।

नीतीश कुमार ने कहा कि यही मामला लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के साथ है जो जद [यू] पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का 'बेबुनियाद' आरोप लगा रहे हैं।

बिहार में राजग की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए तैयार रहने संबंधी लालू प्रसाद के बार बार आ रहे बयानों के संदर्भ में कुमार ने कहा कि मैं पूरी विन्रमता के साथ कहना चाहूंगा कि मैंने कभी किसी के समक्ष कोई चुनौती खड़ी नहीं की। मैं सिर्फ उन जिम्मेदारियों का निर्वाह कर रहा हूं जो मुझे राज्य की जनता ने पूरे विश्वास के साथ दी हैं और मैं समाज के सभी वर्गो के साथ इंसाफ कर रहा हूं।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय तथा शहरी निकायों में महिला आरक्षण के बिहार के माडल पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा की जा रही है। अन्य राज्य भी समान तरह की व्यवस्था अपनाने के बारे में विचार कर रहे हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति