
मैक्लोडगंज [जासं]। पूर्व रक्षा मंत्री जार्ज फर्नाडीज ने शनिवार को मैक्लोडगंज स्थित तिब्बती शरणार्थी भवन का दौरा किया। उन्होंने तिब्बती शरणार्थियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
निर्वासित तिब्बत सरकार की संसद की डिप्टी स्पीकर डोलमा गेयारी ने बताया कि फर्नाडीज ने गत वर्ष 24 अप्रैल को चीन से भागकर हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज पहुंचे छेवांग डोडूप, लोबसंग थुप्तेन, छेरिंग, मारडीन व नगोरिग सेरिंग दोरजे का हाल जाना। उन्होंने भवन में रह रहे तेजिंग नामक छोटे तिब्बती बच्चे का भी हालचाल पूछा। यह बच्चा दिल की बीमारी से पीड़ित है।
गौरतलब है कि उक्त भवन में 35 तिब्बती शरणार्थी रह रहे हैं। इस मौके पर सपा की पूर्व अध्यक्ष जया जेतली व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय सिंह भी उपस्थित थे। फर्नाडीज मैक्लोडगंज में दलाईलामा के निमंत्रण पर तिब्बती चिकित्सा पद्धति के अनुसार इलाज करवा रहे हैं। उनका रविवार तक यहां रुकने का कार्यक्रम है।