
भोपाल/नई दिल्ली। कांग्रेस की ओर से झिड़की मिलने के बाद विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर की गुरुवार को विपक्ष ने भी आलोचना की। विपक्ष ने कहा कि इकोनोमी क्लास में यात्रा करने वाले लोगों के प्रति असंवेदनशील टिप्पणी करने को लेकर वह मंत्री बने रहने के हकदार नहीं हैं।
सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर थरूर की विवादास्पद टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इकोनोमी क्लास में यात्रा करने वालों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बने रहने का कोई हक नहीं है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मेरा मानना है कि लोकतंत्र में लोग भगवान हैं। उन्हें पशु बताना उनका अपमान है। और मेरा मानना है कि इस तरह के व्यक्ति को केंद्रीय मंत्री बने रहने का कोई हक नहीं है। चौहान ने कहा कि थरूर शायद भारत को अच्छी तरह नहीं जानते। उन्होंने कहा कि अगर वह कहते हैं कि इकोनोमी क्लास में बैठना पशुवत है तो शशि थरूरजी, जो लोग इकोनोमी क्लास में यात्रा करते हैं वे बहुत बड़े लोग हैं।
जनता दल [यू] अध्यक्ष शरद यादव ने भी थरूर की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के लोग कांग्रेस पार्टी में बड़ी तादाद में हैं जो उन परिस्थितियों को नहीं जानते जिसमें लोग रहते हैं। थरूर के बारे में उन्होंने कहा कि थरूर विदेश मामलों के मंत्री बनने के लायक नहीं हैं। वह देश की समस्याओं को नहीं समझते। न तो वह केरल को समझते हैं और न ही अपने निर्वाचन क्षेत्र को समझते हैं।
यादव ने मितव्ययता अभियान के लिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बढ़ती महंगाई से आम जनता का ध्यान हटाने का प्रयास है। यादव ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार का मितव्ययता अभियान सूखा और बढ़ती महंगाई से लोगों का ध्यान हटाने का प्रयास है, जिससे आम जनता काफी प्रभावित हुई है। इस तरह का अभियान उन्होंने पहले क्यों नहीं शुरू किया था जब वे पिछले पांच साल से सत्ता में थे।
इस अभियान को पाखंड करार देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान तब शुरू हुआ जब विदेश मंत्री एसएम कृष्णा और विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर द्वारा होटल के बिल पर छुटकर खर्च करने का खुलासा किया गया। राजनीति में नए-नए आए पूर्व राजनयिक थरूर को कल उनकी अपनी ही पार्टी कांग्रेस ने उस बयान के लिए कड़ी फटकार लगाई थी, जिसमें उन्होंने इकोनोमी क्लास को कैटल क्लास बताया था।
इस बीच, थरूर की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मैं इस तरह [मवेशी] के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करता इसलिए मैं इसपर टिप्पणी नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस नेता जो कुछ भी कर रहे हैं उसपर टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन हमने हमेशा मितव्ययता का पालन किया है। मैं खुद इकोनोमी क्लास में यात्रा करता हूं और वर्षों से एंबेस्डर कार में यात्रा कर रहा हूं।