
देवबंद [जागरण संवाददाता]। गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि वे इस्लाम धर्म को विदेशी मत के रूप में नहीं देखते। बाबरी मस्जिद ध्वंस के पीछे सांप्रदायिक उन्माद और पूर्वाग्रह था। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध फतवे के लिए दारूल उलूम देवबंद का आभार भी व्यक्त किया।
चिदंबरम मंगलवार को यहां जमीयत उलेमा हिंद के 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस्लाम का विस्तार यहां पैगंबर मुहम्मद साहब के जमाने में हुआ था। यह मुस्लिमों की जन्मभूमि और उनके पूर्वजों की कर्मभूमि है। सन 629 में मालिक बिन दीनार ने केरल के कोडंगालूर में सबसे पहले जामा मस्जिद का निर्माण कराया था और इतिहास के मुताबिक सन 630 में मुस्लिमों का पहला जत्था पानी के जहाज से भारत के तट पर पहुंचा था।
चिदंबरम ने श्रीलंका में तमिलों, आस्ट्रेलिया में भारतीयों और अमेरिका में सिखों के साथ हो रहे भेदभाव का हवाला दिया और कहा कि हम देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को कटिबद्ध हैं और खास तौर पर जब दूसरे देशों में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा हो।
अधिवेशन को संबोधित करते हुए योगगुरुबाबा रामदेव ने उलमा और मुस्लिमों से आह्वान किया कि विदेशों में जमा काले धन को वापस मंगाने के लिए सरकार पर दबाव बनाए। यह धन वापस आता है तो प्रति व्यक्ति का हिस्सा एक करोड़ रुपये बैठता है। केंद्रीय संचार राज्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि नौजवानों को देश को विभाजित करने वाली शक्तियों को उखाड़ फेंकना चाहिए।
राज्यसभा के डिप्टी स्पीकर के रहमान खान ने मुसलमानों का आर्थिक, शैक्षिक, सामाजिक पिछड़ापन दूर करने को अहम जरूरत बताया। साथ ही सलाह दी कि इस्लामिक बैंकिंग सिस्टम को बढ़ावा देकर बचत का दस फीसदी मुस्लिमों के विकास पर खर्च किया जाए।
माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि भारत के मुसलमानों का दहशतगर्दी से कोई संबंध नहीं। ये सच्चे देशभक्त हैं और इन पर उंगली उठाने वाले खुद गद्दार हैं। अधिवेशन का संचालन जमीयत प्रमुख और सांसद मौलाना महमूद मदनी ने किया और अध्यक्षता जमीयत के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना कारी मोहम्मद उस्मान ने की।
सियासी दलों पर भरोसा न करें
देवबंद। शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक ने कहा कि बीएसपी, सपा, कांग्रेस कोई भी राजनैतिक दल भरोसे के लायक नहीं। मुसलमान सियासी पार्टियों पर विश्वास करना छोड़ें और अपने माबूद [खुदा] पर यकीन रखें।
वंदेमातरम विरोधियों पर राष्ट्रद्रोह
का मुकदमा चले: भाजपा
लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा.रमापति त्रिपाठी ने वंदेमारतम विरोधी फतवे का प्रतिवाद करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रगीत का यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।
यहां जारी वक्तव्य भाजपा अध्यक्ष ने इस बात पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है कि गृहमंत्री पी. चिदंबरम राष्ट्रगीत का विरोध करने वाले सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का विरोध राष्ट्रविरोध है, राष्ट्रदोह है। वंदेमातरम के विरोधियों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। डा.त्रिपाठी ने कहा कि वंदेमातरम स्वाधीनता संग्राम का मंत्र था। कांग्रेस 1896 से ही वंदेमातरम गीत गा रही है। तब कांग्रेस के अधिवेशनों में भी यह गाया जाता था, लेकिन आश्चर्य है कि केंद्रीय मंत्री वंदेमातरम और राष्ट्रगीत के विरोधी सम्मेलन में अतिथि बने।