
इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कांग्रेस को समर्थन देकर हमने धोखा खाया है। 206 सांसद लेकर अल्पमत वाली कांग्रेस सरकार घमंड में चूर है। वह भूल गई है जब उसकी सरकार गिर रही थी तो सपा ने ही आकर बचाया था। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में आज भी समाजवादी पार्टी तीसरे नंबर की पार्टी है। वह भरथना क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
ऊसराहार के श्रमजीवी विद्यालय तथा पालीखुर्द के रामप्यारी विद्यालय की जनसभा में सपा मुखिया ने कहा हमें तो भरथना, इटावा और फिरोजाबाद में अपने ही धोखेबाजों से लड़ना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी की ओर इशारा करते हुए कहा कि स्वयं हमने उन्हे सपा से उप चुनाव के लिए टिकट दिया था। पर उस प्रत्याशी ने उसके बाद भी सभी दलों का दरवाजा खटखटाया। इसलिए हमने भरथना से प्रदीप यादव को चुनाव लड़ाया। उन्होंने कहा भरथना सीट से मुलायम की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इसे बचाने के लिए प्रदीप यादव को भारी मतों से चुनाव जितायें। यह चुनाव प्रदेश सरकार का भविष्य भी तय करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सपा के एक लाख कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज की गई है। भदोही का विधायक ढाई वर्ष से जेल में है पर केंद्र सरकार ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया है। ढाई वर्ष के शासन काल में प्रदेश सरकार ने किसानों के हित के लिए कोई योजना नहीं दी है।