
फिरोजाबाद। 'अपनी गरज थी तब तो लिपटना कबूल था, काम निकल गया तो अब समाजवादियों को पहचानते तक नहीं।' ऐसे तीखे शब्द बाणों से सपा के राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा और पीडी जैन इंटर कालेज के मैदान में हुंकार भरी कि सवाल इज्जत का है, राह कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को पार्टी की कुलवधू बताया और कहा कि हमारी जीनत आपके बीच है और फैसला आपके हाथ संजय दत्त ने जनता को अपना सर्किट बताते हुए डिंपल को भारी बहुमत से जिताने को कहा। सपा नेताओं ने जहां बसपा को निशाने पर रखा, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को गद्दार कहने से वे नहीं चूके। सभा में संजय दत्त के अलावा सिरे स्टारों में जया बच्चन व जयप्रदा भी मौजूद थीं।
अमर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी यहां नहीं आते तो हम समझते कि बहू का लिहाज किया। उन्होंने बहू का लिहाज नहीं किया और हमें भी बेलिहाज कर दिया। दलितों के घरों पर रात बिताने वाले भूल गए अल्पसंख्यक भी यहां हैं। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट व असम के दंगों का हवाला देकर उन्होंने जहां मुस्लिमों की भावनाओं को छुआ, वहीं मंच से यह सवाल भी किया कि बाबरी मस्जिद का ताला किसने खुलवाया था।
रामपुर से सपा की सांसद जयाप्रदा ने कांग्रेस प्रत्याशी को आड़े हाथ लिया। राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने कहा कि एक बहू अपनी मुंह दिखाई मांगने आई है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव, रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैय्या' व नेता विरोधी दल शिवपाल सिंह ने सभा को संबोधित किया।