समाचार

मुख्यमंत्री पद पर बना रहूंगा: येदियुरप्पा

Jan 01, 05:30 am
  Print

नई दिल्ली। अपने राज्य में असंतोष का सामना कर रहे कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने बुधवार को भरोसा जताया कि राज्य भाजपा में उपजे संकट का हल निकल आएगा और कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व पहले ही कह चुका है कि कर्नाटक में कोई बदलाव नहीं होगा।

नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात से पहले येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुझे 100 फीसदी भरोसा है कि मसला हल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा। हर कोई समस्याओं के हल के लिए आगे आया है और मैं कल रेड्डी बंधुओं से भी बात करूंगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केंद्रीय नेताओं के अलावा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से कल मुलाकात करेंगे ताकि उनसे राज्य में बाढ़ राहत के मुद्दे पर चर्चा की जा सके।

यह पूछने पर क्या कि वह नेतृत्व के मुद्दे पर रेड्डी बंधुओं की मांग के आगे झुकेंगे, येदियुरप्पा ने कहा कि वह मीडिया के साथ इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहते।

गौरतलब है कि भाजपा नीत कर्नाटक सरकार में उपजे संकट को लेकर बातचीत के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने एदियुरप्पा को आज नई दिल्ली बुलाया था।

दिल्ली आने के बाद येदियुरप्पा ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात और बातचीत करने एम वेंकैया नायडू के आवास पर भी गए।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति