समाचार

कृपाशंकर ने कोड़ा से संपर्को को नकारा

Jan 01, 05:30 am
  Print

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने पार्टी नेतृत्व को सफाई दी है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा से उनका कोई लेना-देना नहीं है। भ्रष्टाचार के मामलों से घिरे कोड़ा के साथ कांग्रेस और एनसीपी के कुछ नेताओं के संबंधों को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच बुधवार को कृपाशंकर ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद कृपाशंकर सिंह ने कहा कि हाईकमान से सियासी मसलों पर चर्चा हुई। जहां तक भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों से घिरे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री से उनकी निकटता को लेकर जो अफवाहे हैं उसमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोड़ा के व्यावसायिक मामलों से उनका दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है।

कृपाशंकर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पर्यवेक्षक के तौर पर झारखंड में उनकी भूमिका रही थी, जब कोड़ा को संप्रग की ओर से मुख्यमंत्री बनाया गया था। सियासत की वजह से कोड़ा को वह जरूर जानते हैं लेकिन उनके किसी तरह के काम धंधे से परोक्ष या प्रत्यक्ष संबंध नहीं। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष ने इशारों में ही संकेत दिया कि पार्टी के भीतर के ही कुछ लोग उनके राजनीतिक प्रभाव पर सवाल उठाने के अभियान में लगे हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति