
नई दिल्ली। कर्नाटक भाजपा के असंतुष्टों ने मेल-मिलाप का प्रयास कर रहे वहां के मुख्यमंत्री बी एस येद्दियुरप्पा से गुरुवार को मिलने से इनकार कर दिया। इस बीच येद्दियुरप्पा ने भाजपा के नेता वैंकया नायडू और सुषमा स्वराज से मुलाकात की।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि जो भी समस्याएं है उन्हे सुलझा लिया जाएगा। येद्दियुरप्पा गुरुवार शाम पार्टी अध्यक्ष राजनाथ ¨सह से मुलाकात करेगे।
उधर मुख्यमंत्री को हटाने की मुहिम की अगुवाई कर रहे रेड्डी बंधुओं में से एक जनार्दन रेड्डी ने यहां वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू से बातचीत के बाद कहा कि मैं मुख्यमंत्री से नहीं मुलाकात नहीं करूंगा। इससे पहले येद्दियुरप्पा ने कहा कि संकट के समाधान के लिए वह रेड्डी बंधुओं से मिलने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
येद्दियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग को लेकर असंतुष्टों की अगुवाई कर रहे रेड्डी पिछले कुछ दिनों से यहां जमे हुए हैं और दबाव बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मिलने जाने से पहले रेड्डी ने कहा कि मैं यहां पिछले तीन दिन से हूं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिल रहा हूं। मुझे विश्वास है कि वे [आला कमान] कर्नाटक और भाजपा के हित में फैसला करेंगे।