
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से मंत्रिमंडल में विभागों को लेकर जारी कांग्रेस-राकांपा की तकरार समाप्त हो गई है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता अशोक चह्वाण ने शुक्रवार को राज्यपाल एस.सी. जमीर से मुलाकात की और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। नई सरकार शनिवार की शाम शपथ ले सकती है।
चह्वाण के साथ राकांपा विधायक दल के नेता छगन भुजबल भी जमीर से मिले। भुजबल ने राज्यपाल को चह्वाण के दावे के संबंध में अपनी पार्टी का समर्थन पत्र सौंपा। भुजबल राज्य के अगले उप मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 288 सदस्यीय विधानसभा में 144 सीटें मिली हैं, जो साधारण बहुमत से महज एक कम है।
सूत्रों का कहना है कि चह्वाण ने कुछ निर्दलीय व अन्य विधायकों के साथ 170 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। गौरतलब है कि मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे को दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण सरकार गठन में देरी हो रही थी। राकांपा 1999 के फार्मूले के तहत गृह, वित्त और ऊर्जा जैसे अहम विभाग उसे सौंपे जाने को लेकर अड़ी थी जबकि कांग्रेस इससे इन्कार कर रही थी।