
नई दिल्ली। सात राज्यों में लोकसभा की एक और विधानसभा की 31 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर तक लगभग 20 से 27 फीसदी तक मतदान होने की खबर है। फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। सुरक्षाबल और अर्द्धसैनिक बल चुनाव वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की एक तथा विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे मतदान में दोपहर 12 बजे तक लगभग 19.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर दोपहर 12 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी सिने स्टार राजबब्बर और सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिम्पल यादव सहित 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यह सीट मुलायम के बेटे अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
सूत्रों ने बताया कि दोपहर तक राज्य में सबसे अधिक मतदान 26 प्रतिशत पुवैया विधानसभा सीट पर हुआ, जबकि सबसे कम 13 प्रतिशत मतदान लखनऊ पश्चिम विधानसभा सीट पर हुआ। पडरौना विधानसभा सीट पर 22 प्रतिशत मतदान हुआ। उधर, पश्चिम बंगाल में 10 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 23 फीसदी मतदान हुआ। राज्य में नौ सीटें विधायकों के सांसद के रूप में चुन लिए जाने पर उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई, जबकि एक सीट राज्य के पूर्व परिवहन मंत्री सुभाष चक्रवर्ती के निधन के बाद खाली हुई थी।
पश्चिम बंगाल अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए उपचुनावों को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दूसरी तरफ, हिमाचल प्रदेश की रोहड़ू और जवाली विधानसभा सीटों पर दोपहर तक 15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन दोनों सीटों पर केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह और कांगड़ा से भाजपा सांसद राजन सुशांत के क्रमश: इस्तीफा दे देने के बाद चुनाव कराया जा रहा है। दिल्ली जाने से पहले वीरभद्र ने 19 साल तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया।
उधर, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वैशाली नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव दोपहर तक करीब 20 फीसदी मतदान की खबर है। भाजपा विधायक सरोज पांडे के मई में दुर्ग से सांसद चुन लिए जाने पर यह सीट खाली हो गई थी।
इसक अलावा, राजस्थान में सलुंबर और टोडाभीम विधानसभा सीटों पर दोपहर तक 10 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इन चुनावों से अशोक गहलोत सरकार की लोकप्रियता और राजस्थ्चन उच्च न्यायालय द्वारा हाल में गुर्जर आरक्षण पर रोक लगा देने के बाद गुर्जरों के रुख का पता चलेगा।
असम की दो विधानसभा सीटों सलमारा साउथ और ढेकियाजुली पर भी आज मतदान हो रहा है। मतगणना 10 नवंबर को होगी।