चौहान के खिलाफ कार्रवाई करे भाजपा

 
Nov 07, 03:56 pm

पटना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बिहार वासियों के प्रति की गई टिप्पणी को असंवैधानिक बताते हुए लोजपा सुप्रीमों राम विलास पासवान ने शनिवार को कहा कि भाजपा नेतृत्व उनके खिलाफ कार्रवाई करे नहीं तो लोजपा इसे लेकर आंदोलन करेगी।

गौरतलब है कि मीडिया में आई खबरों के अनुसार, गत पांच नवंबर को सतना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चौहान ने कहा था कि यह कभी नहीं होगा कि उद्योग विंध्य में लगे और काम करने वाले लोग बिहार से आएं।

शिवराज के इस्तीफे की मांग करते हुए पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन किसी भी व्यक्ति को इस तरह की बात नहीं कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के संविधान के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को देश के किसी भी कोने में रहने, आने-जाने और रोजगार पाने का अधिकार है।

पासवान ने आरोप लगाया कि चौहान ने बिहारवासियों के प्रति जिन शब्दों का प्रयोग किया है। वह भारतीय जनता पार्टी और राजग की मनोवृति दर्शाता है।

पासवान ने आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि भाजपा ने क्षेत्रवाद की बात की है। इससे पहले भी उसने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि कश्मीर को जम्मू, कश्मीर और लद्दाख तीन भाग में बांट दिया जाना चाहिए, लेकिन जब इसको लेकर हंगामा हुआ तो उसने चुप्पी साध ली।

पासवान ने कहा कि भाजपा राजग में शामिल अपने सहयोगी शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे और शिवसेना से अलग हुए मनसे प्रमुख राज ठाकरे की तरह बिहारवासियों के खिलाफ शब्दों का प्रयोग करने लगी है।

बिहारवासियों के प्रति मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के बयान पर राजग के घटक दल जदयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उन्हें पत्र लिखे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पासवान ने कहा कि केवल पत्र लिखकर खानापूर्ति करने के बजाय नीतीश को चौहान के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग करनी चाहिए।

बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी पर इस मामले में चौहान का बचाव करने का आरोप लगाते हुए पासवान ने कहा कि वह उनकी भाषा की व्याख्या कर रहे हैं कि उनके द्वारा बिहार विरोधी कोई बयान नहीं दिया गया है। ऐसे में वह स्वयं स्पष्ट करें कि चौहान के कहने का क्या मतलब था।

पासवान ने कहा कि बिहार ने अन्य राज्यों के लोगों को केवल अपनाया ही नहीं, बल्कि आई के गुजराल और जार्ज फर्नाडिस जैसे कई बाहर से आए राजनेताओं को प्रदेश ने विजई बनाकर संसद भेजा है।

बिहार में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों की सूची में गड़बड़ी को अभी तक नीतीश सरकार द्वारा ठीक नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पासवान ने कहा कि पहले कार्ड धारकों को अनाज मिल जाता था, लेकिन कूपन प्रणाली लागू कर दिए जाने से गरीबों को अनाज भी नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने प्रदेश में नरेगा में धांधली और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इस योजना के तहत गरीबों के नाम पर दूसरे लोग रोजगार और राशि पा रहे हैं।

पासवान ने कहा कि इन दोनों मुद्दों को लेकर लोजपा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में धरना और प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर मुसहर सेवा संघ के बिहार-झारखंड के अध्यक्ष अभय लाल सदा सहित करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने पासवान के समक्ष लोजपा की सदस्यता ग्रहण की।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(9) वोट का औसत

average:4.111112
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित