
बेंगलूर। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येद्दियुरप्पा को हटाने की मुहिम चलाने वाले असंतुष्ट भाजपा नेताओं ने शनिवार को यहां विधानसभा के अध्यक्ष जगदीश शेट्टर से मुलाकात की।
दिल्ली से हैदराबाद होकर लौटते हुए पर्यटन मंत्री जी जर्नादन रेड्डी, उनके भाई एवं राजस्व मंत्री जी करूणाकर रेड्डी और उनके सहयोगी एवं स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने एक घंटे तक शेट्टर से वार्ता की। असंतुष्ट विधायक हैदराबाद में लंगर डाले हुए हैं।
नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में असंतुष्ट येद्दियुरप्पा की जगह शेट्टर को अपना उम्मीदवार पेश कर रहे हैं। जर्नादन रेड्डी ने शेट्टर से मुलाकात करने से पहले करूणाकर रेड्डी और श्रीरामुलु से वार्ता की। शेट्टर भी कल रात दिल्ली से लौटे हैं।
येद्दियुरप्पा के कामकाज के तरीके पर असंतोष जाहिर करने और नेतृत्व परिवर्तन की मांग में असंतुष्टों के साथ शामिल होने के बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने वार्ता के लिए शेट्टर को बुलाया था। शेट्टर के नजदीकी सूत्रों ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी के शीर्ष नेता अभी नेतृत्व परिवर्तन के पक्ष में नहीं हैं और संकट के समाधान के लिए फार्मूला तय किया गया है।
यह स्पष्ट नहीं है कि शेट्टर मंत्री पद स्वीकार करेंगे या अपने साथ कुछ समर्थकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग रखेंगे। रेड्डी बंधुओं ने शेट्टर के साथ अपनी वार्ता के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।