
नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस.येद्दयुरप्पा ने अपने विश्वस्त लोगों को धोखा देने की बात कुबूल की है। शनिवार को एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार के दौरान उन्होंने कहा कि रेड्डी बंधुओं के दबाव में उन्होंने अपने विश्वस्त लोगों को जो धोखा दिया है उसके लिए उन्हें भगवान भी माफ नहीं करेंगे। यह कहते हुए येद्दयुरप्पा की आंखों से आंसू छलक पड़े।
मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के बाढ़ पीड़ितों से भी यह कहते हुए माफी मांगी कि ऐसे समय में जब उन्हें बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए तो असंतुष्टों के कारण उन्हें इस काम से ध्यान हटाना पड़ा है।
कन्नड़ टीवी चैनल 'सुवर्णा' को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा, 'अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए मुझे उन लोगों को धोखा देने के लिए मजबूर किया गया जिन लोगों ने मुझ पर भरोसा किया और विश्वास किया। वह चाहे शोभा हों या बलीगार।'
गौरतलब है कि अपने मंत्रिमंडल के दो बागी मंत्रियों - जर्नादन रेड्डी और करुणाकर रेड्डी - के दबाव में येद्दयुरप्पा ने शुक्रवार को अपने प्रधान सचिव पी.वी. बलीगार का दूसरे विभाग में तबादला कर दिया था। उन्होंने अपनी विश्वसनीय सहयोगी ग्रामीण विकास मंत्री शोभा करांदलाजे को मंत्रिमंडल से हटाने का भी वादा कर डाला है।