
अमेठी। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी शुक्रवार को अपनी बहन प्रियंका वाड्रा के साथ अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे। फुर्सतगंज हवाई अड्डे से प्रियंका ने खुद कार की स्टेयरिंग संभाल ली। कार में राहुल भी थे। कार्यक्रमों में राहुल ने कहा कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। इसी मकसद से वह काम कर रहे हैं।
शुक्रवार पूर्वान्ह 11 बजे सुल्तानपुर जिले के फुर्सतगंज हवाई अड्डे पर राहुल और प्रियंका का विमान उतरा। यहां प्रियंका ने क्वालिस गाड़ी का इंतजार किया। गाड़ी आने पर प्रियंका ने खुद ही ड्राइविंग सीट संभाल ली। उनके बराबर राहुल गांधी बैठ गए। जबकि एसपीजी के जवान बीच में बैठ गए। प्रियंका ने फुर्सतगंज से मुंशीगंज तक करीब 35 किलोमीटर का सफर 40 मिनट में तय किया। मुंशीगंज से राहुल ने ड्राइविंग सीट संभाली।
राहुल गांधी ने अमेठी के अरगवां व पंडित पुरवा [धम्मौर] गांव में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह कार्यक्रमों को संबोधित किया। अरगांव में वर्मी कम्पोस्ट खाद संयंत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद पूरे गांव का भ्रमण किया। लोगों ने उनसे बिजली न आने की शिकायत की। कुछ ने अंग्रेजी की पढ़ाई की व्यवस्था करने की मांग की। राहुल ने आश्वासन दिया कि सब कुछ किया जाएगा। उन्होंने लोगों से कहा कि समाज की खुशहाली के लिए महिलाओं का आत्मनिर्भर होना जरूरी है। स्वयं सहायता समूह इसमें मदद कर सकता है।
राहुल के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रियंका ने कहा कि योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब लोग इसमें सहयोग करें। तभी गांव खुशहाल होंगे और पापा [राजीव गांधी] का सपना पूरा होगा।
दूसरी ओर, सुरक्षा को लेकर पिछले दिनों केंद्र सरकार से जो पत्र आया था, उसका असर उनके दौरे में दिखा। मीडिया को भी राहुल से काफी दूर रखा गया। कार्यक्रम स्थल के दो किमी के दायरे में पैदल व साइकिल सवारों को भी जाने की इजाजत नहीं थी।
प्रियंका के आवास पर कार्यरत अमेठी निवासी एक कर्मचारी के घर विवाह समारोह था। प्रियंका के साथ राहुल को भी इसमें बुलाया गया था। कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद राहुल शाम को दिल्ली लौट गए, जबकि प्रियंका शनिवार को भी रहेंगी।