लखनऊ, [जासं]। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव शनिवार को कांग्रेस, भाजपा और सपा पर हमलावर रहे। गोंडा और फैजाबाद की जनसभाओं में उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई इलाका खुशहाल नहीं है। कहीं बिजली तो कहीं पानी के लिए हाहाकार है। आजादी के बाद 65 साल में सबसे ज्यादा कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 45 वर्षो तक राज किया है। लेकिन तब स्थिति नहीं सुधरी तो आज कैसे कांग्रेस के युवराज विकास की बातें कर रहें हैं।
शरद ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा प्रदेश में हाशिए पर चली गई हैं। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में आल्हा-ऊदल की किताब से ज्यादा गपशप भर दिया है। आखिर प्रदेश की जनता का धन लुटाने का अधिकार उसे किसने दिया। मुलायम सिंह यादव पर भी जदयू अध्यक्ष जमकर बरसे। कहा कि मुलायम समाजवाद नहीं, परिवारवाद के पोषक हैं। जो साइकिल मुलायम सिंह यादव चला रहे हैं, उस पर राम गोपाल यादव, अखिलेश यादव और शिवपाल यादव बैठे हुए हैं। उनके समाजवाद को तो आग लगा देनी चाहिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर