पटना। बिहार में सुशासन का दावा करने वाली नीतीश कुमार सरकार के मंत्री ही अब तालिबानी फरमान जारी करने से नहीं हिचक रहे।मंत्री जी ने खुलेआम चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जूनियर डाक्टर हड़ताल पर गए तो उनके हाथ काट देंगे।
शनिवार को जन स्वास्थ्य चेतना यात्रा की शुरुआत करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अश्रि्वनी कुमार चौबे ने हड़ताल पर जाने वाले जूनियर डाक्टरों के हाथ काट देने की खुलेआम धमकी दे डाली। उनके इस तुगलकी फरमान ने उनके विपक्षियों को बैठे बिठाए एक और गंभीर मुद्दा दे दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल का काम छोड़कर प्राइवेट पै्रक्टिस करने वाले डाक्टरों को प्रदेश सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। जूनियर डाक्टरों की हड़ताल की धमकी पर उन्होंने कहा कि ऐसी धमकी देने वालों के हाथ काट दिए जाते हैं।
गौरतलब है कि वेतन वृद्धि के मुद्दे पर प्रदेश में डाक्टरों ने 31 जनवरी को हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता के कल्याण की व्यवस्था पर अगर चोट करने का प्रयास किया तो हम हाथ भी काटना जानते हैं।
शनिवार को चौबे स्वास्थ्य जनचेतना की तीन माह की यात्रा पर निकले हैं। शनिवार को गांधी मैदान में आयोजित समारोह में विधान परिषद सभापति ताराकांत झा ने उन्हें झंडी दिखाकर भोजपुर के लिए रवाना किया। अपनी इस यात्रा के दौरान वह अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर