मौसम ने ली करवट, मतदान शुरू

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में कुछ जिलों में हो रही भारी बारिश के बीच पहले चरण का मतदान शुरू हो गया। इस मतदान में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। लेकिन मतदान के कुछ जिलों में भारी बारिश के कारण मतदान में थोड़ी दिक्कत आ सकती है।

सीतापुर, अयोध्या, अकबरपुर और गोंडा में मंगलवार रात से हो रही बारिश का असर मतदान पर भी पड़ने की उम्मीद है। मतदान के लिए लोगों ने सुबह से ही घरों से निकलना शुरू कर दिया है। 13186 पोलिंग बूथ पर दो लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर अधिकारी पहुंच चुके हैं।

इससे पूर्व उत्ताराखंड और पंजाब के वोटरों ने मिसाल कायम की है। पिछले सारे रिकार्ड तोड़ते हुए, वहां सर्वाधिक मतदान हुआ है। अब बारी उत्तार प्रदेश वालों की है। वोट के अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए बुधवार को घरों से निकलना होगा। 16वीं विधानसभा के लिए दस जिलों सीतापुर, बाराबंकी, फैजाबाद, अम्बेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर और बस्ती की 55 सीटों पर बुधवार को वोट पड़ेंगे।

प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों सहित कुल 862 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला लगभग 1.70 करोड़ मतदाता करेंगे। माहौल में जहां महंगाई, भ्रष्टाचार, विकास आदि मुद्दे हैं तो जाति-धर्म की बातें भी। जनता के बीच हर दल और उसके दिग्गज नेता अपनी-अपनी बातें रख चुके हैं। प्रत्याशी भी अपने वादे और इरादे जाहिर कर चुके हैं। अब फैसला मतदाताओं को करना है कि वह अपना कैसा जनप्रतिनिधि चाहते हैं।

सियासी मैदान के धुरंधर खिलाड़ियों ने मंगलवार को मतदाताओं का दिल जीतने की भरपूर कोशिश की। खासकर पूर्वाचल के विभिन्न हिस्सों में इन खिलाड़ियों ने अपने अपने पांसे फेंके और जीत की जुगत लगाई। अन्य चरण के भी चुनाव क्षेत्रों में इनकी गूंज सुनाई पड़ी।

सूबे के विभिन्न जिलों में राहुल गांधी, मायावती, मुलायम सिंह यादव, नितिन गडकरी, वेंकैया नायडू, सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह, श्रीप्रकाश जायसवाल, डा.मुरली मनोहर जोशी, अखिलेश सिंह यादव, उमा भारती, दिग्विजय सिंह, क्रिकेटर अजहरुद्दीन, फिल्म कलाकार राजबब्बर, हेमामालिनी, जीनत अमान, नगमा, रामविलास पासवान, पीएल पुनिया, शरद यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य, सतीश मिश्र और नसीमुद्दीन सिद्दिकी समेत कई प्रमुख नेताओं ने सभाएं की।

बुधवार को पहले चरण में सीतापुर, बाराबंकी, फैजाबाद, अम्बेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर और बस्ती जिले में मतदान होना है। मंगलवार को गोरखपुर में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि वह चुनाव जीतने नहीं, उत्तार प्रदेश को बदलने आए हैं। जब तक यूपी अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो जाता, उनकी मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में सरकार बनी तो उसमें हर वर्ग की आवाज सुनाई देगी। विपक्षी दलों के नेता किसानों और गरीबों से नहीं मिलते। उनके घर खाना नहीं खाते, इसलिए उनकी समस्याएं भी नहीं जानते। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार बनी तो अयोध्या मंदिर निर्माण के साथ प्रदेश में रामराज आएगा।

गडकरी मंगलवार को देवरिया और महराजगंज में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। गडकरी मंगलवार को उस समय बाल-बाल बच गए जब गाजीपुर के रघुवरगंज में उनका सभामंच टूट गया। इस दौरान उस पर खड़ी एक महिला कार्यकर्ता जख्मी हो गई। शाहजहांपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने मंगलवार को कांग्रेस, बसपा और सपा पर जमकर शब्दबाण चलाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यूपी के चुनावी मैदान से बाहर है। इलाहाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री किरीट सोमैया ने उत्तार प्रदेश पावर कार्पोरेशन पर 25 हजार करोड़ का घोटाला करने का आरोप लगाया है।

उन्नाव में बसपा के राष्ट्रीय महसचिव सतीश मिश्र की उन्नाव और सफीपुर में जनसभाएं की, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने बांगरमऊ, पुरवा व भगवंतनगर में लोगों को सम्बोधित किया। बसपा के चुनाव की कमान खुद सूबे की मुख्यमंत्री मायावती ने संभाल रखी है। प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि विरोधी दल बसपा सरकार की लोकप्रियता से हताश हैं। देवरिया व आजमगढ़ की सभाओं में मायावती ने विरोधियों पर चुन-चुनकर तीर छोड़े। कांग्रेस, सपा व भाजपा पर निशाना साधा। बोलीं, प्रदेश में भ्रष्टाचार और जनसमस्याएं पूर्ववर्ती सरकारों से विरासत में मिलीं हैं। देसही देवरिया और भटनी में मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मायावती को ललकारा। कुशीनगर के हाटा और फाजिलनगर में सिने अभिनेत्री जयाप्रदा के खास निशाने पर उनकी पुरानी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव थे। रुद्रपुर, भाटपाररानी और फाजिलनगर में हेमामालिनी भाजपा के पक्ष में माहौल बना रहीं थीं। लोकसभा की नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज अपने जोशीले अंदाज में सपा, बसपा और कांग्रेस की बखिया उधेड़ रही थीं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(16) वोट का औसत

average:4.25
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
  • अपराध
  • दुर्घटना
  • आतंकवाद