लखनऊ [जागरण न्यूज नेटवर्क]। न कोई विवाद और ना फसाद। उत्तार प्रदेश में रिकार्ड तोड़ मतदान से शुरुआत हुई है। बारिश मतदाताओं का हौसला तोड़ने की कोशिश करती रही। लेकिन लोकतंत्र का पर्व मनाने मतदाता खूब निकले, जमकर निकले। इसी का नतीजा था कि पहले दौर में अवध क्षेत्र की 55 सीटों पर बुधवार को 62 फीसदी से ज्यादा मत पड़े। इतना अधिक मतदान आजादी के बाद पहली बार हुआ है। इसके साथ ही दो मंत्री, 31 विधायक और 15 पूर्व मंत्रियों सहित 862 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन [ईवीएम] में लॉक हो गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी उमेश सिन्हा ने दावा किया कि आजादी के बाद से अब तक का यह रिकार्ड मतदान है। अंतिम आंकड़े आने तक संख्या 65 फीसदी तक पहुंच सकती है। पहले चरण के मतदान की एक खूबी यह भी रही है कि कहीं कोई हिंसा नहीं हुई। जिन जिलों में मतदान हुआ है, उनमें सीतापुर, बाराबंकी, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर गोंडा, सिद्धार्थनगर और बस्ती शामिल हैं। अब अगले दौर का मतदान 11, 15, 19, 23, 28 फरवरी और तीन मार्च को है। मतगणना छह मार्च को होगी।
शुरू के छह घंटे में 28 फीसदी
बुधवार को मतदान की शुरुआत बारिश के साथ हुई। बेमौसम की बारिश भी हल्की-फुल्की नहीं, बल्कि जमकर हुई। यही वजह है कि शुरुआती छह घंटों में सिर्फ 28 फीसदी वोट पड़े। दोपहर बाद मतदाताओं का रेला मतदान केंद्रों पर उमड़ना शुरू हुआ। हर मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आने लगीं। बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंचीं। कई केंद्रों पर सायं पांच बजे के बाद भी मतदाताओं की कतार लगी हुई थी।
गांव से शहर पिछड़े
सायंकाल पत्रकारों से बातचीत में मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 65 फीसदी से अधिक लोगों ने वोट डाले, जबकि नगरीय क्षेत्रों में प्रतिशत 55 प्रतिशत से अधिक रहा। सबसे अधिक वोट बाराबंकी और सीतापुर में 62 प्रतिशत से अधिक और सबसे कम श्रावस्ती में 57 प्रतिशत पड़े। उन्होंने बताया पिछले विधानसभा चुनाव 2007 में इस चरण के जिलों में 46 फीसदी मतदान हुआ था। यानी इस बार सोलह फीसदी से अधिक वोटरों ने चुनाव में भाग लिया है।
कहीं-कहीं ईवीएम का धोखा
अपवाद स्वरूप बहराइच में कुछ ईवीएम ने धोखा दिया। इस दौर में 25 मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन बदलने की शिकायतें थीं। उन्हें बदलवाया गया। सीतापुर के मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गुलरिया गांव में विकास न होने के विरोध में मतदाताओं ने वोट नहीं डाला। गोंडा के मेहनौन विधानसभा सीट के एक बूथ पर 800 लोगों ने मतदान इसलिए नहीं किया कि मतदान केंद्र गांव से तीन किलोमीटर दूर कायम किया गया था।
महज बीस शिकायतें
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान शिकायतों की संख्या भी काफी कम रही। महज बीस शिकायतें आई। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी या प्रेक्षकों ने इसका निरीक्षण किया। अधिकांश शिकायतें परीक्षण में सही नहीं पाई गईं।
मतदाता को बधाई
अधिक मतदान के लिए मतदाता बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने शुरू से ही पूरी प्रक्रिया में रुचि दिखाई। मतदाता सूची व फोटो परिचय पत्र बनवाने में उत्साह से भाग लिया। इसके साथ ही शिक्षण संस्थाओं व एनएसएस के सहयोग से आयोजित कार्यक्रमों से भी मतदान का माहौल बना
उमेश सिन्हा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तार प्रदेश
हर जिले में बढ़ा मतदान प्रतिशत
जिला 2007 2012
बाराबंकी 51.69 62
फैजाबाद 52.51 60
बलरामपुर 42.46 58
सिद्धार्थनगर 45.91 60
सीतापुर 52.10 62
बहराइच 42.08 61
अंबेडकरनगर 54.12 62
श्रावस्ती 36.77 57
बस्ती 45.55 59
गोंडा 42.89 60
[2012 के आंकड़े अनंतिम और बढ़ोतरी संभावित]
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर